साय कैबिनेट की बैठक आज: हाफ बिजली बिल योजना पर चर्चा, धान खरीदी की तैयारियों का होगा अंतिम मूल्यांकन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज शुक्रवार सुबह 11 बजे मंत्रालय (महानदी भवन) में कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित होगी। बैठक में राज्य सरकार की कई नीतिगत योजनाओं, जनहित से जुड़े प्रस्तावों और आगामी विधानसभा सत्र को लेकर प्रमुख चर्चा होने की संभावना है।
धान खरीदी पर होगी अंतिम समीक्षा
सूत्रों के अनुसार बैठक में सबसे पहले धान खरीदी सीजन की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। खरीदी केंद्रों की स्थिति, परिवहन व्यवस्था, माप-तौल की प्रक्रिया और किसानों को भुगतान की व्यवस्था पर विभाग अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। धान खरीदी में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए अंतिम दिशानिर्देश भी जारी किए जा सकते हैं।
हाफ बिजली बिल योजना फिर से लागू करने पर विचार
कैबिनेट में हाफ बिजली बिल योजना को दोबारा लागू करने पर भी व्यापक चर्चा प्रस्तावित है। योजना से जुड़े वित्तीय भार, पात्रता और क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों पर अधिकारी अपनी राय रखेंगे।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीख पर चर्चा
बैठक में शीतकालीन विधानसभा सत्र की तारीख को लेकर निर्णय लिया जा सकता है। संभावना है कि यह सत्र नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर के पहले सप्ताह में आयोजित हो सकता है।
जनजाति गौरव दिवस की तैयारी एजेंडे में
कैबिनेट में जनजाति गौरव दिवस के राज्य स्तरीय आयोजन पर भी चर्चा होगी। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संभावित छत्तीसगढ़ दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थलों और स्वागत प्रोटोकॉल पर विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
अन्य विभागीय प्रस्तावों पर भी मुहर संभव
बैठक में वित्त विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और शिक्षा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी जा सकती है। मुख्यमंत्री साय अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने का निर्देश दे सकते हैं, ताकि योजनाओं का सीधा लाभ किसानों और आम नागरिकों तक पहुंच सके।



