रिटायर्ड खाद्य अधिकारी पर रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप — युवती ने आरंग थाने में कराई FIR दर्ज
रायपुर। प्रदेश के खाद्य विभाग के रिटायर्ड फूड इंस्पेक्टर संजय दुबे पर बलात्कार, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। 23 वर्षीय युवती ने रायपुर जिले के आरंग थाना में दुबे के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार, 2018-19 में फेसबुक के माध्यम से संजय दुबे से उसकी पहचान हुई थी। पहले तो वह खुद को “लेखक” बताकर भरोसे में लेता रहा, फिर करीबियां बढ़ाईं। युवती ने पुलिस को बताया कि 2021 में संजय दुबे उसके घर आरंग आया और रेप किया।
FIR में दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने युवती की नग्न तस्वीरें और वीडियो जबरन खींचीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर बार-बार शारीरिक शोषण किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने ब्लैकमेलिंग के जरिए 3 लाख रुपये भी वसूले।
पीड़िता ने पुलिस को आरोपी के साथ फेसबुक चैट के स्क्रीनशॉट्स और अन्य डिजिटल साक्ष्य सौंपे हैं। चैट में आरोपी ने कई बार अश्लील बातचीत की है और शादी का झांसा देकर भावनात्मक रूप से बरगलाने की कोशिश की है। युवती ने बताया कि जब उसने शादी की बात की, तो संजय दुबे ने उसे “जान से मारने” की धमकी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कई अहम डिजिटल सबूत सामने आए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की लोकेशन और कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत गंभीर है और IPC की धारा 376 (बलात्कार), 384 (ब्लैकमेलिंग), 506 (धमकी) समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है — “आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।”
वहीं पीड़िता ने कहा — “मैंने बहुत सहा है, अब मुझे न्याय चाहिए।”
यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया के ज़रिए बन रही “ऑनलाइन रिलेशनशिप” की संवेदनशीलता और उससे जुड़ी खतरनाक सच्चाइयों को उजागर करता है।



