बसना(रूपानंद साव)। चिकित्सा एवं जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. केशव साहू का BJP झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ एवं भाजपा पदाधिकारियों द्वारा सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्हें श्रीफल और गमछा भेंट कर उनके समर्पित सेवाभाव तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
BJP पदाधिकारियों ने श्रीफल और गमछा भेंट कर किया अभिनंदन, चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं की प्रशंसा।
सम्मान समारोह में भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारी सदस्य अभिमन्यु जायसवाल, जिला सहसंयोजक जन्मजय साव, बसना भाजपा मंडल महामंत्री दीपक शर्मा तथा भाजपा सदस्य खेमराज साव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. साहू के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
वर्तमान में डॉ. केशव साहू बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं बरोली स्वास्थ्य केंद्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें कोविड वॉरियर के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा भी उन्हें उत्कृष्ट चिकित्सक सम्मान प्रदान किया गया है।
डॉ. साहू ने दंतेवाड़ा जिले में लगभग दो वर्षों तक अपनी सेवाएं देते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए कलेक्टर दंतेवाड़ा द्वारा दो बार उत्कृष्ट चिकित्सक सम्मान से नवाजा गया।
इस अवसर पर उपस्थित BJP पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. केशव साहू जैसे समर्पित चिकित्सक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी निस्वार्थ सेवा और कर्तव्यनिष्ठा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम के दौरान सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर जनसेवा की कामना की।


