बसना। बसना बिजली व्यवस्था समीक्षा बैठक में विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ एवं मैदानी अधिकारियों को क्षेत्र में सुचारू और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बसना स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था, आगामी सीजन में बिजली की मांग, अधोसंरचना सुधार तथा आम नागरिकों और किसानों से जुड़ी समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बिजली लो-वोल्टेज, अघोषित कटौती और गलत बिजली बिलों की समस्याओं पर जताई चिंता; बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद।
बैठक में विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि नागरिकों, व्यापारियों और किसानों को नियमित बिजली उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में लो-वोल्टेज तथा बार-बार बिजली ट्रिपिंग की समस्या पर चिंता जताते हुए संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और पुराने व जर्जर बिजली तारों को बदलने के निर्देश दिए।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि जले या खराब ट्रांसफार्मरों को 24 से 48 घंटे के भीतर बदला जाए, ताकि किसानों की सिंचाई और आम नागरिकों के दैनिक कार्य प्रभावित न हों। उन्होंने अघोषित बिजली कटौती पर नियंत्रण रखने तथा मेंटेनेंस कार्य से पहले उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से सूचना देने को कहा।
उपभोक्ताओं की समस्याओं पर चर्चा करते हुए डॉ. अग्रवाल ने त्रुटिपूर्ण और अधिक बिजली बिलों के मामलों का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय मैदानी स्तर पर सक्रिय रहने और उपभोक्ताओं की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान जैसी परिस्थितियों में टूटे खंभों और तारों की मरम्मत प्राथमिकता से की जाए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के फोन कॉल तथा शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समय पर समाधान किया जाए।
समीक्षा बैठक में जेई बसना ग्रामीण गुननिधि सिंह राठिया, जेई बसना धीरज देवांगन, जेई पथरला ठनेक सिंह, जेई भंवरपुर अंकित भोई, जेई पिरदा दुलेश्वर दीवान, एई भंवरपुर राकेश बारिक, जेई गढ़फूलझर देवेश सिंह राजपूत, एई सांकरा एम.के. सागर, एई बसना एन.के. आदित्य और एई पिथौरा टी.आर. गजभिये उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, विधायक के निज सचिव नरेंद्र बोरे, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता, अन्य सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, विधायक कार्यालय के प्रमुख सहयोगी और जनप्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के अंत में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करते हुए विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आम जनता को समय पर राहत देने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समाधान जनहित को सर्वोपरि रखकर किया जाना चाहिए।


