बसना। महासमुंद जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भंवरपुर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पौवा यानी 7.200 लीटर देसी प्लेन शराब जब्त की है।
पुलिस ने हाईस्कूल के पास घेराबंदी कर अवैध शराब पकड़ा, ₹50 हजार की जुपिटर स्कूटी भी जब्त।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG 06 HD 7658 में अवैध रूप से देसी शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गवाहों के साथ ग्राम जमदरहा हाईस्कूल के पास पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सूर्यकांत चौहान (19 वर्ष), पिता तेज कुमार चौहान निवासी ग्राम भैरोपुर, थाना सांकरा, जिला महासमुंद बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 40 पौवा देसी प्लेन शराब मिली, जिसकी कीमत करीब 3,200 रुपये बताई गई। शराब के परिवहन में इस्तेमाल जुपिटर स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत थाना बसना में अपराध क्रमांक 554/26 दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 7.200 लीटर शराब और करीब 50 हजार रुपये कीमत की स्कूटी जब्त की है। अवैध शराब के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी है।


