बसना। महासमुंद जिला पुलिस द्वारा अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भंवरपुर चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जंगल के रास्ते अवैध रूप से महुआ शराब ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
दलदली के जंगल में रनकोट जाने वाली पगडंडी पर हुई कार्रवाई, भंवरपुर में ₹20 हजार की हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दलदली के सामने जंगल में रनकोट जाने वाली पगडंडी के रास्ते तीन व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही भंवरपुर चौकी पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से विजय कुमार सोनी (30), त्यागी सोनी (29) और महेश राम यादव (50) को पकड़ा। तीनों ग्राम गढ़गांव, चौकी भंवरपुर, थाना बसना के निवासी बताए गए हैं।
जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से 100 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए थाना बसना में अपराध क्रमांक 555/26 दर्ज किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जिला पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।


