बसना। शासकीय प्राथमिक शाला कुसमुर में सरपंच प्रतिनिधि खेमसिंह चंद्रवंशी और उनके सुपुत्र डिगेश चंद्रवंशी के जन्मदिन के अवसर पर स्कूली बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया। जन्मदिन की खुशियां बच्चों के साथ साझा करते हुए उन्हें स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया गया।
सरपंच प्रतिनिधि खेमसिंह चंद्रवंशी और डिगेश चंद्रवंशी के जन्मदिन पर बच्चों को कुसमुर स्कूल में कराया भोजन, ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत लगाए पौधे।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। न्योता भोज के माध्यम से बच्चों में सामूहिकता, अपनापन और सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इसी अवसर पर अतिथियों एवं विद्यालय परिवार की मौजूदगी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधे की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
विद्यालय परिवार की ओर से खेमसिंह चंद्रवंशी एवं डिगेश चंद्रवंशी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही बच्चों के लिए न्योता भोज आयोजित करने के लिए उनका आभार जताया गया।
संकुल समन्वयक डिजेन्द्र कुर्रे ने कहा कि सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे आयोजन बच्चों के लिए प्रेरणादायी होते हैं और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। वहीं समन्वयक इंदल पटेल, ढूटीकोना ने कहा कि खेमसिंह चंद्रवंशी सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं और विद्यालय के प्रति सकारात्मक सोच रखते हैं। विद्यालय को आगे बढ़ाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का संचालन कुसमुर स्कूल के प्रधानपाठक सालिक राम टंडन ने किया। इस अवसर पर संकुल प्रभारी श्याम भोई, शिक्षक गंगाधर प्रसाद द्विवेदी, जय प्रकाश नायक, खुश राम साहू, विमल कश्यप, नंदराम साहू, धनेश्वरी अजय, ब्रत कश्यप, उर्मिला साहू सहित विद्यालय परिवार, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष कौशल सिदार, ग्रामीणजन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हेमलता तांडी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


