बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए विकासखंड पिथौरा के सांकरा में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल और महासमुंद सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की उपस्थिति रही।
बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल और सांसद रूपकुमारी चौधरी की मौजूदगी में सांकरा में हुआ लोकार्पण, विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं।
₹122 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति से निर्मित इस भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। नए भवन में विद्यार्थियों के लिए अध्ययन का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ स्कूल की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

कार्यक्रम के दौरान बसना विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बसना विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना का विकास विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की मौजूदगी में हुए लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्रीय विकास और शिक्षा सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
नवनिर्मित भवन के लोकार्पण से विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने स्कूल के लिए बेहतर भवन उपलब्ध होने को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।


