पिथौरा। महासमुंद के खरोरा गांव के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय कुनाल नेताम की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुनाल तेज रफ्तार बाइक से सामने चल रहे मेटाडोर को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही क्रेटा कार से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
खरोरा के पास NH पर हुआ भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक करीब 20 मीटर तक घिसटी; फॉरेंसिक टीम ने 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का जताया अनुमान।
सड़क हादसा शाम करीब 4 बजे ग्राम पंचायत खरोरा स्थित संस्कृति मैरिज पैलेस के पास NH पर हुआ। जानकारी के अनुसार, पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अरंड निवासी कुनाल नेताम, बाइक क्रमांक CG 06 HH 0335 से घोड़ारी की ओर से महासमुंद की तरफ आ रहा था। इसी दौरान उसने सामने चल रहे मेटाडोर को ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक करते समय वह सामने से आ रही क्रेटा कार क्रमांक CG 07 CZ 8444 के सामने आ गया और बाइक कार के ड्राइवर साइड हिस्से से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक के अगले पहिए की रिंग टूटकर क्रेटा के अगले हिस्से में जा फंसी, जबकि बाइक करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने प्रारंभिक जांच में बाइक की गति करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे होने का अनुमान जताया है।
कुनाल की पहचान पुलिस कांस्टेबल मोतीलाल नेताम के बेटे के रूप में हुई है। हादसे के वक्त क्रेटा में राहुल चौधरी और पुनीत राम चौधरी, निवासी रामनगर मुक्तिधाम, भिलाई, सवार थे। दोनों सुरक्षित रहे और उन्हें चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को एंबुलेंस से मर्चुरी भेज दिया। शाम होने के कारण सोमवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जवान बेटे की मौत से नेताम परिवार में मातम पसरा हुआ है।


