बसना। शासकीय हाईस्कूल ढोढरकसा में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को सड़क पर देखने को मिला। विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने NH-53 के भगतदेवरी स्थित ढाबाखार मोड़ पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते फोरलेन सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
ढोढरकसा हाईस्कूल में पर्याप्त शिक्षक देने की मांग, भगतदेवरी के ढाबाखार मोड़ पर फोरलेन हुआ जाम।
ग्रामीणों का कहना है कि ढोढरकसा हाईस्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में स्वीकृत पदों की तुलना में वर्तमान में शिक्षकों की संख्या काफी कम है, जिसके कारण विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि ढोढरकसा हाईस्कूल में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की तत्काल पदस्थापना की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर लगातार मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।
चक्काजाम की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की कमी दूर होने तक वे अपनी मांग को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे।

ढोढरकसा हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी का मामला अब सड़क आंदोलन तक पहुंच गया है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन जल्द ठोस पहल करे, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था सामान्य हो सके।


