महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर ₹5 हजार चोरी करने के मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने पुराने चोरी के मामले का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी मां के सोने के नेकलेस और झुमके चोरी करने की बात कबूल की। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब ₹3.88 लाख कीमत के सोने के जेवर समेत चोरी में इस्तेमाल लोहे का सरिया और नकदी बरामद की है।
दुकान से चोरी के मामले की जांच में सामने आया पुराना मामला, पुलिस ने नकदी और लाखों रुपये के सोने के जेवर किए बरामद।
पुलिस के मुताबिक, मानिक लाल साहू ने 16 सितंबर को तुमगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को दुकान में ताला लगाकर खेत गए थे। दोपहर करीब एक बजे लौटे तो दुकान का ताला टूटा मिला और गल्ले में रखे ₹5 हजार गायब थे। पूछताछ में बेटे शिवम साहू की भूमिका सामने आई।
पुलिस ने 17 सितंबर को शिवम को थाना लाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसने दुकान से ₹5 हजार चोरी करने के साथ वर्ष 2023-24 में अपनी मां के सोने के जेवर चोरी करने की बात भी बताई। पुलिस के मुताबिक, इन जेवरों को मोहन साहू और टिकेलाल जलक्षत्री के जरिए महासमुंद की मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखकर रकम ली गई थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ₹500 नकद और प्रयुक्त लोहे का सरिया बरामद किया। साथ ही गोल्ड लोन शाखा से दो सोने के झुमके, कीमत करीब ₹2.38 लाख, और एक सोने का नेकलेस, कीमत करीब ₹1.50 लाख बरामद किया गया।
मामले में शिवम साहू, टिकेलाल जलक्षत्री और मोहन साहू को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹3.88 लाख है।


