गरियाबंद। महाराष्ट्र-तेलंगाना सीमा से लगे आलापल्ली क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बहु-एजेंसी संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। टीम ने मौके से जीवित मादा पैंगोलिन और उसके नवजात को भी बरामद किया है।
आलापल्ली में बहु-एजेंसी टीम का ऑपरेशन, वन्यजीव जीवित मादा पैंगोलिन और नवजात समेत बाघ की 43 हड्डियां व कैनाइन दांत जब्त।
कार्रवाई के दौरान वन्यजीव अपराध से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें बाघ की 43 हड्डियां और कैनाइन दांत शामिल हैं। जब्त वन्यजीव सामग्री को आगे की फॉरेंसिक जांच एवं कानूनी कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखा गया है।
इस संयुक्त कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सेफ पैकेज 3.0’ नाम दिया गया था। कार्रवाई में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ खुफिया सूचनाओं पर काम किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से सीमा पार सक्रिय बताए जा रहे वन्यजीव तस्करी नेटवर्क की कड़ियों की जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
इस पूरे ऑपरेशन में उदंती सीता नदी टाइगर प्रोजेक्ट, गरियाबंद की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन्यजीव अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को इस कार्रवाई की अहम कड़ी माना जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त सामग्री की वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। इसके आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पूरी कार्रवाई की जानकारी उदंती सीता नदी टाइगर प्रोजेक्ट गरियाबंद के डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन ने दी। वन विभाग और संबंधित एजेंसियां अब बरामद सामग्री के स्रोत तथा संभावित तस्करी नेटवर्क की आगे की कड़ियों की जांच में जुटी हैं।


