बसना। राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी (एनएसएस) 2026 के तहत विकासखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन पीएमश्री सेजेस बसना में किया गया। संगोष्ठी में बसना विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां” विषय पर अपने विचार और वैज्ञानिक विश्लेषण प्रस्तुत किए।
पलक पटेल प्रथम, एकांत साहू द्वितीय और डिमेश देवांगन तृतीय; जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे विकासखंड बसना का प्रतिनिधित्व।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, तार्किक सोच और विश्लेषण की क्षमता विकसित करना था। विद्यार्थियों ने ऊर्जा की वर्तमान स्थिति, भविष्य की जरूरतों, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों और वर्ष 2047 तक भारत के ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं एवं चुनौतियों पर प्रभावी प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता में सेजेस भंवरपुर की कु. पलक पटेल ने प्रथम स्थान, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुलारपाली के एकांत साहू ने द्वितीय स्थान तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरेकेल के डिमेश देवांगन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता विद्यार्थी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड बसना का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निर्णायक मंडल में शिक्षक प्रेमचंद साव, व्याख्याता योगेश प्रधान एवं रोहित साहू शामिल रहे। उन्होंने निर्धारित मापदंडों के आधार पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य गिरिजा साहू, व्याख्याता संजय कुमार कर, विकासखंड नोडल अधिकारी अजय कुमार भोई सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने और ऊर्जा संरक्षण तथा नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित किया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।


