बसना। सांकरा के जोंक नदी पुराने पुल पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरेकेल में पदस्थ अंग्रेजी विषय के शिक्षक राजकुमार निषाद (42 वर्ष) की नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद एक बाइक सवार अब भी लापता है, जिसकी तलाश पुलिस और रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार की जा रही है। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।
सांकरा जोंक नदी पुल से नीचे नदी में गिरे दोनों वाहन, 5 लोगों को रेस्क्यू कर बचाया गया; लापता बाइक चालक की तलाश जारी।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को सांकरा बस्ती से बल्दीडीह की ओर जा रही वैगनआर कार की विपरीत दिशा से आ रही बाइक से पुराने जोंक नदी पुल पर टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार और बाइक समेत दोनों वाहनों में सवार कुल सात लोग पुल से नीचे नदी में जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। रेस्क्यू के दौरान कार में सवार मुकेश बारीक, रोशन चौहान और सुनील जगत, सभी निवासी दूधिपाली थाना बसना, तथा बाइक सवार विजय साहू और बैशाली साहू, निवासी ग्राम गबौद, चौकी बार, बलौदाबाजार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि कार चालक राजकुमार निषाद, निवासी दूधिपाली, नदी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक चालक भागीरथी साहू (55 वर्ष), निवासी बारनवापारा, हादसे के बाद से लापता हैं। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।



