बसना। ओडिशा मार्ग पर देर रात चल रही पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान बसना पुलिस ने एक अर्टिगा कार से भारी मात्रा में नगदी रकम बरामद की है। कार में सवार ओडिशा निवासी करूणा नाईक (32 वर्ष) के कब्जे से पुलिस ने 11 लाख 98 हजार 300 रुपये नगद बरामद किए हैं।
बसना के पदमपुर रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार रोकी, वाहन और दो मोबाइल समेत 20.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त की रात पदमपुर रोड पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में गुजर रही अर्टिगा कार क्रमांक OD 03 Q 8419 को रोककर पूछताछ की गई। वाहन की जांच के दौरान एक थैले में बड़ी मात्रा में नगदी रकम मिली।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में रकम की गिनती कराई, जिसमें कुल ₹11,98,300 मिले। रकम के संबंध में पूछताछ करने पर वाहन में सवार व्यक्ति संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और नगदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संदिग्ध नगदी रकम को जब्त कर लिया। नगदी के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये है, तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक वाहन, नगदी और मोबाइल समेत जब्त संपत्ति की कुल कीमत 20 लाख 8 हजार 300 रुपये है।
नगदी रकम के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए संबंधित व्यक्ति को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया है। वहीं संदिग्ध नगदी एवं वाहन को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


