रायपुर(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ में स्टील उद्योग को नई दिशा देने और प्रदेश में निवेश व रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। ‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग ऑन ग्रीन स्टील’ के दौरान प्रदेश को करीब 13,840 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों से राज्य में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ में ग्रीन स्टील से ऑटो, रेलवे, रक्षा और सौर ऊर्जा से जुड़े उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा, स्थानीय स्तर पर रोजगार और मूल्य संवर्धन पर जोर।
सरकार का जोर केवल स्टील उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में उत्पादित स्टील का अधिकतम मूल्य संवर्धन छत्तीसगढ़ में ही करने पर है। इसके लिए स्टील आधारित डाउनस्ट्रीम और स्पेशियलिटी उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा देने की योजना पर जोर दिया जा रहा है।

ऑटो कम्पोनेंट्स, इंजीनियरिंग, रेलवे, रक्षा और सौर ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में स्टील आधारित आधुनिक उत्पादों का निर्माण बढ़ाने से स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा को कच्चे माल के रूप में बाहर भेजने के बजाय प्रदेश में ही अधिक निवेश, मूल्य और रोजगार में बदलने का अवसर मिलेगा।
सरकार का मानना है कि नई औद्योगिक नीति, पारदर्शी प्रक्रियाओं और निवेशकों के अनुकूल वातावरण के जरिए छत्तीसगढ़ को ग्रीन स्टील और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनाया जा सकता है।
ग्रीन स्टील को लेकर बढ़ते निवेश प्रस्तावों से प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और विभिन्न सहायक उद्योगों के विस्तार में भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।


