महासमुंद(जीतयादव)। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत महासमुंद पुलिस ने स्कूली विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया।
निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता में 9 स्कूलों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर विजेताओं को किया गया सम्मानित।
31 जुलाई 2026 को आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से करीब 170 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने निबंध और चित्रों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता तथा सरदार पटेल के विचारों को अपने तरीके से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में शासकीय डीएमएस स्कूल महासमुंद, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम महासमुंद, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अंग्रेजी माध्यम तुमगांव, हायर सेकेंडरी स्कूल बेमचा, तुसदा, परसूली तथा हाई स्कूल लाफिन खुर्द के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
चित्रकला प्रतियोगिता में पंकज तारक ने प्रथम, खिलेश विश्वकर्मा ने द्वितीय तथा चेतन बंजारे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।वहीं निबंध प्रतियोगिता में कु. दिव्या यादव ने प्रथम, कु. दीक्षा साहू ने द्वितीय और कु. मोनिका सेन ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 10 अगस्त 2026 को आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक महासमुंद श्रीमती ललिता मेहर, रक्षित निरीक्षक एवं उप निरीक्षक श्री बालमुकुंद साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
महासमुंद पुलिस की इस पहल से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। साथ ही प्रतियोगिता के जरिए बच्चों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।


