बसना(जीतयादव)। थाना बसना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत 3 लाख 20 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से इस मामले का खुलासा संभव हो सका।
बसना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.20 लाख रुपये से अधिक की वाहन चोरी की संपत्ति बरामद की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आमापाली निवासी परमानंद साव ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जून की रात उनके घर के सामने खड़ी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान 23 जून को मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड बसना से रितेश कुमार साहू पिता अशोक कुमार साहू उम्र 25, खीरसागर यादव पिता डीजेश्वर यादव उम्र 23 और अनुराग दास पिता पहरु दास उम्र 19 को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना स्वीकार करते हुए अन्य पांच वाहन चोरी करने की बात भी कबूल की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें बजाज प्लेटिना, एचएफ डीलक्स, सुपर स्प्लेंडर सहित अन्य वाहन शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत 3 लाख 20 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। इस कार्रवाई को थाना बसना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।


