बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण सेवा सहकारी समिति पथरला की पिरदा शाखा में खाद की कमी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा।सैकड़ों किसान बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान तथा मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चम्पकलाल चौहान के नेतृत्व में समिति पहुंचे और खाद संकट को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
पिरदा शाखा में खाद की कमी को लेकर किसानों ने जताया विरोध, चम्पकलाल चौहान के साथ समिति पहुंचे सैकड़ों किसान।
किसानों ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन के महत्वपूर्ण समय में डीएपी एवं अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। रोजाना किसान समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिलने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इससे क्षेत्र के किसानों में भारी असंतोष व्याप्त है।

निरीक्षण के दौरान समिति प्रभारी ने किसानों को बताया कि डिस्पैच नंबर जारी नहीं होने के कारण खाद वितरण प्रभावित हुआ है। इस संबंध में बैंक प्रबंधक से मोबाइल पर चर्चा की गई, जिसमें सोमवार तक खाद वितरण शुरू कराने का आश्वासन दिया गया।

इस दौरान मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि प्रदेश का अन्नदाता आज खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोमवार तक खाद वितरण शुरू नहीं हुआ तो मंगलवार सुबह से किसानों के साथ समिति के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और समिति प्रबंधन की होगी।
इस अवसर पर उमाकांत प्रधान, हेतुराम गहिर, चतुर्भुज चेरकिया, नेताचंद प्रधान, पदमन प्रधान, सोहन चौहान, रजशन प्रधान, रिखीराम सोम, नित्यानंद गढ़तिया, तिहारू निराला, भारत भोई, गणपत सिदार, ललित सिदार, दुर्लम चौधरी, शाखाराम निराला, सुधाराम निराला, मंगलदास कोसरिया, पंकज प्रधान, श्रीमती रानी बंजारा, श्रीमती कुंती पटेल, श्रीमती दूरपती बंजारा, श्रीमती पुष्पा निराला, श्रीमती अनुपमा साहू, श्रीमती सीता बंजारा, श्रीमती सोहद्रा सिदार, श्रीमती सिया बाई बंजारा एवं फूलमोती सिदार सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।


