बसना(जीतयादव)। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। विशेष अभियान के तहत अवैध महुआ शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बसना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध महुआ शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
जिला पुलिस द्वारा अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टॉस्क फोर्स तथा जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
वहीं थाना बसना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रायपुर बाईपास रोड स्थित इमली पेड़ के नीचे छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान पुष्पा सोनी (36 वर्ष) निवासी इंदिरा कॉलोनी, बसना के कब्जे से बिक्री के लिए रखी गई 15 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 3 हजार रुपये आंकी गई है।
जिले में लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी शराब संबंधी गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।



