महासमुंद(जीतयादव)। जिले में किसानों के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जहां धान खरीदी के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई। कोमाखान थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बोईरगांव के किसानों को ज्यादा दाम का लालच देकर लिया धान।
मामले के अनुसार, ग्राम बोईरगांव के किसानों से वर्ष 2025 की रबी फसल के दौरान आरोपी ने बाजार भाव से अधिक कीमत देने का लालच दिया। उस समय धान का बाजार भाव करीब 1500-1550 रुपये प्रति क्विंटल था, लेकिन आरोपी ने 1800 से 2100 रुपये प्रति क्विंटल देने का झांसा देकर किसानों से धान खरीदा। अधिक दाम मिलने की उम्मीद में 50 से अधिक किसानों ने अपना धान उसे बेच दिया।
कुछ समय बाद जब किसानों ने भुगतान मांगा तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में उसने किसानों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए और लगातार अपना ठिकाना बदलते हुए फरार हो गया। किसानों को जब ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने हेमलाल नायक, बिरेन्द्र कुमार महानंद सहित अन्य पीड़ितों के माध्यम से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस द्वारा की गई जांच में सामने आया कि आरोपी ने करीब 1.5 करोड़ रुपये के धान की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी की है। इसके बाद कोमाखान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गिरीश पांड़े (45 वर्ष) निवासी बिन्द्रावन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे और कार्रवाई की जाएगी।



