पिथौरा(जीतयादव)।सर्व ब्राह्मण समाज पिथौरा द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव एवं उपनयन (जनेऊ) संस्कार का दो दिवसीय भव्य आयोजन 29 और 30 अप्रैल को परशुराम चौक स्थित ब्राह्मण समाज भवन में किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है और पूरे नगर को सजाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
दो दिवसीय भगवान परशुराम जन्मोत्सव आयोजन में शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समाज के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि 29 अप्रैल को सुबह 10 बजे मंडपाच्छादन, स्वस्तिवाचन, गौरी-गणेश पूजन एवं भगवान परशुराम पूजन से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। दोपहर 3 बजे यज्ञोपवीत संस्कार और शाम 5 बजे विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि रात 9 बजे रामायण पाठ किया जाएगा।
![]()
30 अप्रैल को सुबह 10 बजे भगवान परशुराम के जीवन पर व्याख्यान, वेदारंभ एवं समावर्तन संस्कार संपन्न होंगे। शाम 5 बजे धुमाल कीर्तन पार्टी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। आकर्षक रथ में भगवान परशुराम की झांकी और जयकारों के बीच यह शोभायात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष पूरे नगर को भगवा झंडों, बैनर और पोस्टरों से सजाया जाएगा तथा रंग-बिरंगी आतिशबाजी भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। शोभायात्रा के बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का भी सम्मान होगा।
![]()
युवा ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि उपनयन संस्कार के इच्छुक विप्रजन 28 अप्रैल तक पंजीयन कर सकते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा शामिल होंगे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ जिले और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में विप्रजन शामिल होने की संभावना है।



