महासमुंद(जीतयादव)।आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये के ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े सट्टा रैकेट का खुलासा करते हुए मुख्य मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों में दुर्गेश डहरे उर्फ योगेश (रायपुर), ललित चावला (रायपुर), अंशु बग्गा (बेमेतरा), सौरभ जैन (रायपुर), विजय वर्मा (रायपुर) और मुख्य आरोपी निशांत नागवानी (रायपुर) शामिल हैं।
![]()
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह UNCLEBAT9, UNCLE777, Grand777, PowerExch, WazirExch, Classic7777, GrandExch और God777 जैसे ऑनलाइन पैनलों के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा था। आरोपी लगातार स्थान बदलकर अलग-अलग जगहों से इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहे थे।
मामले की शुरुआत 8 अप्रैल 2026 को हुई, जब महासमुंद थाना पुलिस ने घोड़ारी स्थित बाबा फैमिली ढाबा के पास छापेमारी कर पहले 6 सटोरियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरोह के मुख्य एडमिन और अन्य सदस्यों की पहचान की गई।

आगे की कार्रवाई में पुलिस ने रायपुर और बेमेतरा से अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर 25 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी निशांत नागवानी ऑनलाइन पैनलों का संचालन करता था और अन्य आरोपियों को आईडी उपलब्ध कराकर सट्टे की रकम का वितरण और नियंत्रण करता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 22 मोबाइल फोन और करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये के सट्टा लेनदेन का रिकॉर्ड जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2 करोड़ 46 हजार 400 रुपये आंकी गई है।



