पिथौरा(जीतयादव)। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरेकेल के विज्ञान शिक्षक प्रेमचन्द साव को शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला स्तरीय संस्कार शिक्षक सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें संस्कार शिक्षण संस्थान पिथौरा द्वारा विज्ञान एवं साहित्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे के हाथों प्रदान किया गया।
जिला स्तरीय संस्कार शिक्षक सम्मान 2026 से नवाजे गए, खगोल विज्ञान कार्यक्रम में छात्रों ने देखे ग्रह-नक्षत्र।
प्रेमचन्द साव लंबे समय से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विषय को सरल और रोचक बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों, प्रायोगिक कार्यों, “विज्ञान पिटारा” और मासिक वॉल मैगजीन बाल दर्पण के माध्यम से बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित किया है। साथ ही खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विज्ञान प्रदर्शनी और स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियों में भी विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की है।

इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, एपीसी संपा बोस, जनपद पंचायत अध्यक्ष ऊषा पुरूषोत्तम धृतलहरे, जिला क्रीड़ा अधिकारी, छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के राज्य सचिव डॉ. वाय.के. सोना, सदस्य अजय कुमार भोई, रोबोटिक्स विशेषज्ञ सचिन प्रधान सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में खगोल से जुड़ी रोचक जानकारी भी साझा की गई। टेलिस्कोप के माध्यम से छात्रों और नगरवासियों को चंद्रमा, बृहस्पति, तारे और नक्षत्रों का अवलोकन कराया गया, जिससे बच्चों में ज्ञान के प्रति उत्सुकता और बढ़ी।विद्यालय परिवार और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।




