पिथौरा(जीतयादव)।अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने पिथौरा में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वार्ड नंबर 06 स्थित मंदिर चौक में मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे युवक को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा।
मंदिर चौक से आरोपी पकड़ा गया, जुआ सट्टा प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए जुआ खेल रहा है और दूसरों से दांव लगवा रहा है। सूचना के आधार पर 14 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी नमन गोयल (29 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 06 मंदिर चौक को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, जिसमें सट्टा संबंधी स्क्रीनशॉट मिले, तथा 9,800 रुपये नगद बरामद किए गए। जब्त मोबाइल की कीमत लगभग 15,000 रुपये बताई गई है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 24,800 रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत मामला दर्ज कर अपराध क्रमांक 102/2026 कायम किया है। मामला अजमानतीय होने के कारण आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में ऑनलाइन और ऑफलाइन जुआ गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



