महासमुंद(जीतयादव)।जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 23 मार्च से 26 मार्च 2026 तक चार दिनों में कुल 94 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान में फरार आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में किया पेश।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस धरपकड़ अभियान में 06 स्थायी वारंटी और 88 गिरफ्तारी वारंट का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। इन वारंटों में स्थानीय न्यायालयों के साथ-साथ अन्य जिलों के न्यायालयों से प्राप्त वारंट भी शामिल थे। पुलिस ने सभी वारंटियों को विधिवत गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया।
![]()
अभियान के दौरान विभिन्न अनुविभागों में अलग-अलग टीमों का गठन कर कार्रवाई की गई। महासमुंद अनुविभाग में कोतवाली, तुमगांव और खल्लारी थाना क्षेत्रों से कुल 27 वारंट तामील किए गए। वहीं पिथौरा अनुविभाग में पटेवा, पिथौरा और सांकरा थाना क्षेत्रों से 22 वारंटों का निष्पादन हुआ।

इसी तरह बागबाहरा अनुविभाग में कोमाखान और तेंदूकोना थाना क्षेत्रों से 04 वारंट, जबकि सरायपाली अनुविभाग के बसना, सरायपाली और सिंघोड़ा थाना क्षेत्रों में कुल 41 वारंटों की तामीली की गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि फरार आरोपियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।




