महासमुंद(जीतयादव)।सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस ने शहर में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई 8 मार्च 2026 से प्रारंभ की गई है, जिसमें शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे कैमरों के माध्यम से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान की जा रही है।
बिना हेलमेट पहले दिन 73 रिपीट ऑफेंडर्स पर कटा चालान, 12 मार्च से कैमरे में कैद सभी उल्लंघनकर्ताओं पर होगी कार्रवाई।
पुलिस के अनुसार अभियान के पहले दिन ही 73 रिपीट ऑफेंडर्स के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। फिलहाल यह कार्रवाई उन वाहन चालकों पर की जा रही है, जो तीन बार बिना हेलमेट कैमरे में कैद हुए हैं।

पुलिस ने जानकारी दी है कि 12 मार्च से कैमरों में कैद सभी यातायात नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान वाहन मालिकों को भी विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी दोपहिया वाहन को कोई अन्य व्यक्ति चला रहा है और वह हेलमेट नहीं पहनता है, तो भी ई-चालान की जिम्मेदारी वाहन मालिक पर ही होगी।

महासमुंद पुलिस ने शहर की जनता से अपील की है कि सभी लोग मिलकर शहर को 100 प्रतिशत हेलमेट नियम का पालन करने वाला शहर बनाने में सहयोग करें। घर से बाहर निकलते समय दोपहिया वाहन चलाते वक्त हेलमेट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है, ताकि हेलमेट नहीं पहनने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।पुलिस विभाग ने यह भी बताया कि महासमुंद के बाद जल्द ही सरायपाली, बसना और बागबाहरा क्षेत्रों में भी इस प्रकार की ई-चालान कार्रवाई शुरू की जाएगी।



