महासमुंद(जीतयादव)।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य मंच पर मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने की।
सिरपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जिलेवासियों को माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महानदी के तट पर स्थित सिरपुर केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि सरकार सिरपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए आधुनिक सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटक सुविधा केंद्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले को लगभग 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे सड़क, पुल, पेयजल, पर्यटन एवं अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सिरपुर बैराज की स्वीकृति जल्द दी जाएगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही सिकासेर जलाशय से कोडार जलाशय में पानी लाने की योजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरपुर सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृति का अद्भुत संगम है। यहां मलेशिया, कोरिया और जापान से आए बौद्ध विचारकों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सिरपुर को विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए भी प्रयासरत है, ताकि यह स्थल वैश्विक स्तर पर पहचान बना सके।
इस अवसर पर विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा (महासमुंद), श्री संपत अग्रवाल (बसना), श्री ईश्वर साहू (साजा), जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, बीज निगम अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिल कांत साहू, सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कहा कि सिरपुर महोत्सव जिले की विशिष्ट पहचान बन चुका है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि , कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, साडा के सीईओ श्री धम्म शील गणवीर ,जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, के साथ प्रशानिक अधिकारी एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे।




