महासमुंद।शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुशासन सप्ताह के अंतर्गत जिले में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 19 दिसंबर से 26 दिसंबर तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में संचालित किया जा रहा है।

सुशासन सप्ताह 19 से 26 दिसंबर तक चल रहे अभियान में सैकड़ों आवेदन प्राप्त हुए, अधिकांश का मौके पर ही निराकरण
सोमवार को महासमुंद विकासखंड के ग्राम पंचायत मोंगरा स्थित पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 30 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान कुल 96 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 81 आवेदनों का त्वरित निराकरण शिविर स्थल पर ही किया गया।
शिविर के दौरान सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। यहां 2 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार तथा 2 गर्भवती महिलाओं का गोद भराई कार्यक्रम संपन्न कराया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई।

शिविर में परिवहन विभाग द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सेवाओं के लिए विशेष काउंटर लगाया गया। इसके अलावा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉल भी लगाए गए, जहां ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।

इसी क्रम में बसना विकासखंड के हाई स्कूल चनाट में आयोजित शिविर में 51 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 23 आवेदनों का निराकरण किया गया।वहीं सरायपाली विकासखंड अंतर्गत उच्चतर माध्यमिक शाला तोषगांव में आयोजित शिविर में 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 42 आवेदनों का समाधान किया गया।

इसके अतिरिक्त बागबाहरा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला तुसदा तथा पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन परिसर गड़बेड़ा में भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया।अभियान के तहत आयोजित सभी शिविरों में विकासखंड स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने विभागों से संबंधित स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही आम जनता से प्राप्त आवेदनों का शिविर स्थल पर ही प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जा रहा है।


