महासमुंद(जीतयादव)।विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के बाद मतदाता सूची से कुल 92,700 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। एसआईआर से पहले जिले में कुल 8,86,422 पंजीकृत मतदाता थे, जो अब घटकर 7,93,722 रह गए हैं।हटाए गए मतदाताओं में महिलाओं की संख्या सर्वाधिक रही। आंकड़ों के अनुसार 54,237 महिला एवं 38,452 पुरुष मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। वर्तमान में जिले में अब 3,99,107 महिला और 3,94,607 पुरुष मतदाता दर्ज हैं।

मतदाता सूची से महिलाओं के सबसे अधिक नाम कटे, 22 जनवरी तक दावा–आपत्ति का अवसर
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर के निर्देश पर 28 अक्टूबर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य प्रारंभ किया गया था। इस दौरान बीएलओ द्वारा 4 नवंबर से 18 दिसंबर 2025 (संशोधित तिथि) तक घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया गया।
एसआईआर के पश्चात आज निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने राजनीतिक दलों की बैठक एवं मीडिया प्रतिनिधियों की प्रेसवार्ता आयोजित कर विधानसभावार मतदाता आंकड़े साझा किए।
22 जनवरी तक दावा और आपत्ति
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि प्रारंभिक प्रकाशन के बाद मतदाता 22 जनवरी 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। पात्र एवं वास्तविक मतदाताओं का पंजीकरण कर उनके नाम पुनः मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।
एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत पाए गए मतदाताओं के नाम केवल एक ही स्थान पर शामिल किए जाएंगे। दावा-आपत्ति की सूची सीईओ छत्तीसगढ़ की वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी।दावा-आपत्ति पर सुनवाई की समय-सीमा 14 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।




