सरायपाली(जीतयादव)।आगामी 25 दिसंबर 2025 (गुरुवार) को नगर में आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आज वार्ड क्रमांक 11 स्थित बजरंग बली मंदिर के सामने एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, समाजसेवी, धर्माचार्य, प्रबुद्ध नागरिक एवं वार्डवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सम्मेलन की रूपरेखा तय करना एवं आयोजन को भव्य व सफल बनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श करना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के संयोजक प्रखर अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मेलन हिंदू समाज में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज को एक सूत्र में बांधने के लिए ऐसे आयोजनों की अत्यंत आवश्यकता है।
हिंदू सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का लिया गया सामूहिक संकल्प
आर्थिक टोली प्रमुख विपिन उपोवेजा ने कहा कि यह हिंदू सम्मेलन समाज को संगठित करने, सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं युवाओं में संस्कारों के विकास के लिए एक सशक्त मंच सिद्ध होगा। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों से सहयोग की अपील की।सह-संयोजक स्वर्ण सिंह सलूजा ने सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज का कार्यक्रम है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर हिंदुत्व को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया।

वहीं व्यवस्थापन प्रमुख भारत अग्रवाल ने भारतीय संस्कृति के पंच परिवर्तन विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि सनातन धर्म और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए समाज को संगठित होकर आगे आना होगा। उन्होंने सम्मेलन में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक के दौरान आयोजन समिति द्वारा वार्डवासियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए तथा कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर सहमति बनी। सभी उपस्थित वार्डवासियों ने सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का संकल्प लिया।अंत में आयोजकों ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी समाजजनों से अपील की कि वे सपरिवार सम्मेलन में सहभागिता कर सनातन संस्कृति के गौरव को और अधिक मजबूत करें।इस संबंध में जानकारी प्रचार-प्रसार प्रमुख दूर्वादल दीप द्वारा दी गई।



