महासमुन्द(जीतयादव)।जिले की पिथौरा थाना पुलिस, सरायपाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम मुढीपार के पास हुई महिला के साथ झपटमारी की वारदात का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के 5 नग लाकेट (कीमत ₹50,000) और घटना में प्रयुक्त केटीएम स्पोर्ट्स बाइक (कीमत ₹1,00,000) जब्त की है। बरामद कुल संपत्ति ₹1,50,000 आंकी गई है।
घटना का विवरण
प्रार्थी भावेश यादव, निवासी बंसुलाडबरी ने थाना पिथौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 03 दिसंबर 2025 की दोपहर लगभग 1.30 से 2.00 बजे के बीच वे अपनी माता सोनसिर के साथ अर्जुनी मेला देखने जा रहे थे। जब वे ग्राम मुढीपार मोड़ के पास पहुँचे, तभी ब्लैक स्पोर्ट्स बाइक से आए दो नकाबपोश युवकों ने उनकी माता के गले से सोने के 5 लाकेट झपट लिए।
लूट के दौरान महिला सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके बाएँ हाथ की कोहनी में चोट और सिर के पीछे अंदरूनी चोट आई। लूटे गए लाकेट की कीमत लगभग ₹50,000 बताई गई।रिपोर्ट के आधार पर थाना पिथौरा में धारा 110, 304, 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी से मिली सुराग, दो आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध युवक ग्राम कुटेला, सरायपाली में रहता है।पुलिस ने मौके पर दबिश देकर युवक को हिरासत में लिया, जिसने अपना नाम बताया—
(1) सागर कुमार पिता सजन लाल, उम्र 20 वर्ष, जाति घसिया, निवासी कुटेला, थाना सरायपाली।
पूछताछ में सागर पहले गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने झपटमारी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वारदात उसने अपने साथी—
(2) धनुत्रारी तरिया पिता चतुर्भुज तरिया, उम्र 24 वर्ष, जाति केवट, निवासी छिबर्रा, थाना बलौदा
—के साथ मिलकर की थी।
पुलिस ने तत्परता से दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
₹1.50 लाख की संपत्ति बरामद
दोनों आरोपियों से बरामद सामान:
सोने के 5 लाकेट – ₹50,000
केटीएम मोटरसाइकिल (घटना में प्रयुक्त) – ₹1,00,000
कुल बरामदगी – ₹1,50,000
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पिथौरा में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।






