महासमुंद(जीत यादव)। जिले में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाते हुए पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न ग्रामों में साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के संबंध में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह कार्यक्रम ग्राम पिथौरा खेल मैदान, पाईकपारा थाना बलौदा, भानपुर वार्ड-01, पिरदा, पिथौरा गुरुकुल विद्यालय सोना सिली, जमदरहा उच्च प्राथमिक शाला, बालोदा अंबेडकर महाविद्यालय, सावित्रीपुर शासकीय विद्यालय, पैकिंग विद्यालय चारभाटा, तेन्दुकोना धान मंडी, नयापारा खुर्द पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास, भंवरपुर साप्ताहिक बाजार और झलप बाजार सहित कई स्थानों में आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को निम्न बातों की जानकारी दी—
साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता
साइबर स्टॉकिंग और फेक प्रोफाइल दिखने पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज करें।
सोशल मीडिया पर निजी या संवेदनशील जानकारी साझा न करें, मजबूत पासवर्ड रखें।
फेक ट्रेडिंग ऐप, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी जैसे बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें।
अनजान लिंक/एपीके फाइल कभी न खोलें।
ऑनलाइन फ्रॉड होने पर सायबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम थाना/सायबर सेल में शिकायत दर्ज करें।
सोशल मीडिया सुरक्षित उपयोग के निर्देश
अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें।
व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम में प्राइवेसी सेटिंग और टू-स्टेप वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से ऑन रखें।
किसी परिचित द्वारा फोन पर पैसों की मांग होने पर पहले स्वयं कॉल कर सत्यापित करें।
वीडियो कॉल पर किसी भी अनजान व्यक्ति से बातचीत न करें।
किसी भी लालचभरे निवेश या ‘‘पैसा दोगुना’’ करने वाले ऑफर पर विश्वास न करें।
अतिरिक्त जागरूकता
नशे के दुष्परिणामों और इससे होने वाले सामाजिक नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
गौवंश तस्करी जैसे अपराधों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
डायल 112 की उपयोगिता और त्वरित सहायता के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 2000 से अधिक विद्यार्थी और ग्रामीणजन जागरूक हुए। जिला पुलिस द्वारा ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने की जानकारी दी गई।







