पिथौरा में संस्कार शिक्षण संस्थान द्वारा नवोदय व प्रयास सैनिक अभ्यास परीक्षा आयोजित
पिथौरा। संस्कार शिक्षण संस्थान पिथौरा द्वारा शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा देते हुए कक्षा छठवीं (नवोदय) तथा नवमी (प्रयास/सैनिक) की प्रवेश परीक्षा के लिए विशेष अभ्यास परीक्षा का आयोजन प्रतिभा पब्लिक विद्यालय में किया गया। इस अभ्यास परीक्षा में जिले भर से 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
संस्कार संस्थान की डायरेक्टर सीमा गौरव चंद्राकर ने बताया कि इस अभ्यास परीक्षा का मुख्य उद्देश्य बच्चों को ओएमआर शीट भरने की सही तकनीक, उत्तर अंकन की प्रक्रिया तथा वास्तविक परीक्षा प्रणाली से परिचित कराना है। साथ ही बच्चों की तैयारी का आंकलन कर उनकी गलतियों को समय रहते सुधारने का अवसर भी प्रदान किया गया।

उन्होंने बताया कि नवोदय परीक्षा में कुल 80 प्रश्न होते हैं, जो मानसिक योग्यता, अंकगणित परीक्षण और भाषा परीक्षण पर आधारित होते हैं तथा कुल 100 अंकों की होती है। अभ्यास परीक्षा में इन्हीं बारीकियों पर विशेष ध्यान दिया गया।
गौरतलब है कि संस्कार शिक्षण संस्थान पिथौरा, नियमित पाठ्यपुस्तक शिक्षा के साथ-साथ नवोदय, प्रयास, सैनिक स्कूल, एकलव्य विद्यालय जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी बच्चों को करवाता है, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर मिल सके।कार्यक्रम में सीमा गौरव चंद्राकर, योगेश निर्मलकर पटेवा, कमल प्रसाद साहू, भगत देवरी सहित बड़ी संख्या में पालक, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।




