बसना (जीत यादव)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज 26 नवंबर को महासमुंद जिले के बसना तहसील अंतर्गत ग्राम सलखंड के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और स्थानीय स्तर पर भी उत्साह देखा जा रहा है।
जनसंपर्क विभाग महासमुंद द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री साय का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
मुख्यमंत्री श्री साय दोपहर 2:05 बजे ओडिशा के बरगढ़ से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और 2:45 बजे बसना क्षेत्र के बड़ेसाजापाली हेलीपेड पर उतरेंगे। हेलीपेड पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा।

यहाँ से मुख्यमंत्री का काफिला सीधे ग्राम सलखंड के लिए रवाना होगा, जहाँ वे माँ महालक्ष्मी देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। स्थानीय जनों के अनुसार मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्रवासियों से संवाद का भी एक अवसर है। दौरे के दौरान उनके साथ सुरक्षा दल, प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।पूजा कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री साय दोपहर 3:20 बजे पुनः सलखंड से बड़ेसाजापाली हेलीपेड के लिए लौटेंगे। इसके बाद वे 3:25 बजे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री के इस अल्प प्रवास को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। बसना क्षेत्र में पहली बार मुख्यमंत्री के आगमन से स्थानीय लोग इसे सम्मान और सौभाग्य मान रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष तैयारी की है।यह दौरा भले ही संक्षिप्त हो, लेकिन इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री के पहुचने से ग्रामीणों की अपेक्षाएँ और विकास से जुड़ी उम्मीदें एक बार फिर मजबूत हुई हैं।




