बिंछिया में महालक्ष्मी पूजा महोत्सव: अष्ट प्रहरि नामयज्ञ और हरि कीर्तन में उमड़ी श्रद्धा, मोक्ष कुमार प्रधान ने किए दर्शन
बसना।बसना क्षेत्र के ग्राम बिंछिया में इस वर्ष महालक्ष्मी पूजा महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पूजा के अवसर पर आयोजित अष्ट प्रहरि नामयज्ञ एवं हरि कीर्तन ने पूरे गांव में धार्मिक माहौल बना दिया। सुबह से शाम तक चलने वाले इस अनुष्ठान में गांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम में गेर्रा (छत्तीसगढ़), खरसल (ओड़िशा), लुरुपाली और देउलतुण्डा से आए आमंत्रित भजन मंडलियों ने अपनी भावपूर्ण और मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हरि कथा, भजन और कीर्तन की धुनों ने पूरे ग्राम को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

इसी दौरान बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान विशेष रूप से कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने महालक्ष्मी माता का विधिवत दर्शन कर गांव बिंछिया एवं क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और ग्रामीण परिवेश में एकता, सहयोग और सद्भाव को मजबूत बनाते हैं।

मोक्ष कुमार प्रधान ने आयोजकों एवं ग्रामवासियों द्वारा किए गए भव्य और अनुशासित आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि परंपराओं को जीवित रखने और नई पीढ़ी को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

इस अवसर पर ग्राम के वरिष्ठजन, महिलाएँ, युवक-युवतियाँ और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने मोक्ष कुमार प्रधान का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उनके आगमन के लिए आभार व्यक्त किया। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और आध्यात्मिक उत्साह से परिपूर्ण रहा।




