बिठोवा टाकीज महासमुंद में चोरी की वारदात का खुलासा, बाप-बेटा गिरफ्तार
महासमुंद(जीत यादव)। जिले में लगातार सक्रिय पुलिस एवं सायबर सेल की संयुक्त कार्यवाही के चलते बिठोवा टाकीज चोरी प्रकरण में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने महज़ 24 घंटों के भीतर चोरी की वारदात में शामिल बाप-बेटे के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से ₹80,000 नकदी तथा क्रेटा कार (कीमत ₹12,00,000) बरामद कर कुल ₹12,80,000 का माल शत-प्रतिशत जब्त किया गया।
घटना कैसे हुई – पूरी कहानी
प्रार्थी अक्षय राव साकरकर, निवासी विठोबा टाकीज परिसर, ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 17 नवंबर 2025 की सुबह उनके भाई भूपेश साकरकर ने फोन कर जानकारी दी कि टाकीज कार्यालय की खिड़की टूटी हुई है और अंदर अलमारियों के ताले टूटे पड़े हैं। मौके पर पहुँचकर जांच की तो पाया गया कि आलमारी में रखी ₹80,000 राशि चोरी हो चुकी है तथा टेबल के दराज में रखी क्रेटा कार (CG 06 GU 9990) की चाबी भी गायब थी। आरोपियों ने मेन गेट का ताला तोड़कर कार भी चोरी कर ली थी।
रिपोर्ट के आधार पर थाना महासमुंद में धारा 305(ए) एवं 331(4) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की तलाश
जांच में पुलिस ने जगह-जगह लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और टाकीज से जुड़े लोगों तथा पिछले कर्मचारियों की सूची तैयार कर पूछताछ की। इस दौरान प्रार्थी ने बताया कि चोरी की रात टाकीज के आसपास मनीष बंसोड़ को देखा गया था। पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में मनीष बंसोड़ ने वारदात को अपने पिता के साथ मिलकर करने की बात कबूल की। दोनों ने पहले से जानकारी होने के कारण सब्बल से ताला तोड़कर ऑफिस में प्रवेश किया, अलमारी से रकम निकाली और चाबी लेकर क्रेटा कार चोरी कर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी
1️⃣ मनीष बंसोड़, उम्र 18 वर्ष, निवासी – वार्ड नं. 11, खैराभाठा, महासमुंद
2️⃣ संतोष बंसोड़, उम्र 45 वर्ष, निवासी – वार्ड नं. 11, खैराभाठा
पुलिस की सफलता
दोनों आरोपियों के कब्जे से
✔️ ₹80,000 नकद
✔️ क्रेटा कार (कीमत ₹12,00,000)
कुल मिलाकर ₹12,80,000 की संपत्ति जब्त की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।





