शासकीय प्राथमिक शाला मुड़पहार में जन्मदिवस पर नेवता भोज का आयोजन
सरायपाली (जीत यादव)।शासकीय प्राथमिक शाला मुड़पहार (केजुवा) में नेवता भोज का आयोजन देखने को मिला। विद्यालय में पदस्थ सहायक शिक्षक श्री भूपेंद्र सिंह नेताम ने अपने पुत्र शिवांश सिंह नेताम के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र के सभी बच्चों को नेवता भोज (विशेष भोजन) करवाया। यह आयोजन न केवल उत्सव का प्रतीक रहा, बल्कि समुदाय, सहयोग, संस्कार व बच्चों के प्रति प्रेमभाव का भी प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करता है।
भोजन में बच्चों के लिए चावल, दाल, फूटू, टमाटर, भिंडी, पापड़, सलाद तथा मीठा सहित पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। बच्चों ने पूरे आनंद और उल्लास के साथ भोजन का आनंद लिया। विद्यालय परिसर में बच्चों की मुस्कुराहट, खुशी और उल्लास ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।

नेवता भोज कार्यक्रम में प्रधान पाठक श्री खिरोद जेरी, सहायक शिक्षक भूपेंद्र सिंह नेताम, मोहन सिदार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुश्री नीलम भोई, सविता भोई, रसोईया सुश्री जानकी यादव, यशोदा नेताम, दीपांजली एवं जया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर छोटे शिवांश को आशीर्वाद देते हुए उसके स्वस्थ और सफल भविष्य की मंगलकामना की।
शिक्षक व अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नेवता भोज बच्चों में सामूहिकता, संवेदनशीलता, प्रेम, आदर और सामाजिक संस्कृति को मजबूत बनाते हैं। साथ ही यह बच्चों के लिए एक सीख है कि उत्सव केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक खुशियों का प्रतीक होता है। नेवता भोज कार्यक्रम के अंत में शिक्षक एवं अभिभावकों ने कहा कि जब समाज एवं शिक्षा एकसाथ जुड़कर संस्कारों का निर्माण करते हैं, तो बच्चों में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं भावनात्मक विकास अधिक प्रभावी ढंग से होता है। इस प्रकार का आयोजन निश्चय ही समाज के लिए अनुकरणीय है।




