बसना(जीत यादव) – साहू समाज बसना तहसील इकाई के हाल ही में सम्पन्न हुए चुनाव में हिरवानी कुल के युवा, ऊर्जावान एवं समाजसेवी व्यक्तित्व श्री महेंद्र साव ने निर्णायक बढ़त के साथ विजय प्राप्त कर तहसील अध्यक्ष का पद हासिल किया। यह जीत समाज में नई ऊर्जा, समर्पण और सुदृढ़ नेतृत्व का संकेत मानी जा रही है। विजयी परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी तथा पूरे हिरवानी कुल में उत्सव जैसा माहौल निर्मित हो गया।
तहसील अध्यक्ष आगामी योजनाएँ एवं समाज विकास की दृष्टि।
चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सम्पन्न हुई। समाज के वरिष्ठ सदस्यों, महिला प्रतिनिधियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक मतदान में सहभागिता निभाई। मतगणना के बाद विजेता घोषित होने पर महेंद्र साव का फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाज़ियों के बीच भव्य स्वागत किया गया।

इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय समाज के वरिष्ठों की एकजुटता के साथ-साथ पूर्व तहसील अध्यक्ष पंकज साव की संगठनात्मक रणनीति, मार्गदर्शन और अनुभव को दिया जा रहा है। चुनाव के दौरान पंकज साव ने संगठन को मजबूत बनाए रखने, युवाओं तक पहुँच बढ़ाने तथा मतदाताओं को सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाज जनों ने कहा कि पंकज साव का नेतृत्व और दिशा-निर्देश इस विजई अभियान की मुख्य शक्ति रहा।

वहीं, महेंद्र साव ने जीत को व्यक्तिगत उपलब्धि न बताते हुए इसे पूरे साहू समाज की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह विजय समाज की आस्था, विश्वास और एकजुटता की पहचान है। उन्होंने आगे कहा कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिलाओं की सहभागिता, युवाओं के नेतृत्व विकास तथा सामाजिक एकता को प्राथमिकता देंगे।उन्होंने कर्मा माता व समाज के वरिष्ठजनों के आशीर्वाद को इस सफलता की मूल शक्ति बताया।उनकी जीत से न केवल बसना तहसील में, बल्कि समस्त साहू समाज में उत्साह, गौरव एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।
महेंद्र साव ने कहा कि आने वाले समय में समाज के प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान कर उन्हें नेतृत्व, शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित किया जाएगा। वे समाज के शैक्षिक स्तर को मजबूत करने, कॅरियर मार्गदर्शन शिविर आयोजित करने तथा महिला सशक्तिकरण के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर देंगे।




