बसना (जीत यादव) — संकुल केंद्र जमदरहा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला गायत्रीपुर में बुधवार को बाल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कॉपी-पेन का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में खुशी एवं उल्लास देखा गया।
बाल दिवस पर बच्चों को उपहार स्वरूप कॉपी-पेन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शैलेंद्र चौहान ने बच्चों को उपहार स्वरूप कॉपी-पेन प्रदान किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “जैसा सोचोगे वैसा बन जाओगे, इसलिए सकारात्मक सोच, अच्छे कर्म और पढ़ाई में निरंतर मेहनत सफलता की कुंजी है।” साथ ही उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने तथा गाँव व अपने माता-पिता का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।

बाल दिवस को संबोधित करते हुए संकुल समन्वयक डिजेंद्र कुर्रे ने कहा कि महान व्यक्तियों के सिद्धांत, आदर्श और अनुशासन को जीवन में अपनाकर ही हम एक श्रेष्ठ नागरिक बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि “कर्म ही पूजा है, इसलिए मन लगाकर पढ़ाई करें, गुरुजनों का सम्मान करें और सतत प्रयास करते रहें, जिससे भविष्य सुनहरा बने।”
इस अवसर पर जनपद सदस्य प्रतिनिधि सत्यानंद बरिहा एवं उपसरपंच अघोरी चौहान ने भी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। ग्रामीण बच्चों को भी बड़े सपने देखने चाहिए और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।

बाल दिवस कार्यक्रम का संचालन प्रधानपाठक विजय चतुर्वेदी ने किया तथा शिक्षक रमेश सिदार ने बच्चों को सामग्री वितरण में विशेष सहयोग प्रदान किया।
उत्तम आयोजन एवं शैक्षिक वातावरण निर्माण पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर कंवर, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अनिल सिंह साव, नोडल प्राचार्य उत्तर कुमार चौधरी सहित अन्य शिक्षकों ने सराहना व्यक्त करते हुए विद्यालय को बधाई दी।




