सरायपाली(जीत यादव)। शासन के निर्देशों के तहत बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता और शिक्षकों के अध्यापन कार्य की मॉनिटरिंग के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल और विकासखंड स्त्रोत समन्वयक देवानंद नायक ने बुधवार को कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक शाला केन्दूढार तथा शासकीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक शाला कनकेवा में पहुंचकर शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर और विद्यालय परिसर का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि बच्चों का शैक्षिक स्तर संतोषजनक है और विद्यालय परिसर स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित है। उन्होंने शिक्षकों को शासन की सभी योजनाओं का सुचारू संचालन, विद्यार्थियों के जाति प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और अपार आईडी बनवाने सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए।

बीआरसी देवानंद नायक ने कहा कि 31 दिसंबर तक सभी आधार कार्डधारी बच्चों की अपार आईडी बनाना अनिवार्य है, जिसके लिए शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने न्यूनतम शैक्षिक स्तर सुधारने पर विशेष जोर देते हुए बताया कि विभाग ने सभी स्कूलों को विद्यार्थी विकास सूचकांक तैयार कर लर्निंग लेवल परखने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही अधिकारियों ने 14 नवंबर को आयोजित होने वाले एफएलएन मेले की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। दोनों स्कूलों में मध्याह्न भोजन व्यवस्था, कार्यालयीन अभिलेख, संसाधनों के रखरखाव और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रधान पाठक एम.एच. उस्मानी, सौभाग्य भोई, अनुपमा नायक, चंदन सिंह रात्रे, सुलोचना मांझी, जयकुमारी नायक, सुषमा पटेल और मेनका दास मौजूद रहे।




