पिथौरा में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का दीपावली मिलन समारोह, विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने पत्रकार भवन निर्माण हेतु 10 लाख की सहायता की घोषणा की
पिथौरा। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित जिला स्तरीय दीपावली मिलन समारोह का आयोजन पिथौरा के स्थानीय वन काष्ठागार सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुआ। पहले सत्र में संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द अवस्थी मुख्य अतिथि रहे, जबकि दूसरे सत्र में बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में पिथौरा नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद एवं पार्षद प्रेम राजन रौतिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने पिथौरा में श्रमजीवी पत्रकार संघ भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा, “पत्रकारिता और राजनीति लोकतंत्र की दो आंखें हैं। दोनों के सहयोग से ही स्वस्थ लोकतंत्र की कल्पना की जा सकती है।”

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष स्वप्निल तिवारी, पिथौरा इकाई अध्यक्ष मनोहर साहू और उनकी टीम ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान मनोहर साहू ने समाचार संकलन के दौरान आने वाली कठिनाइयों और जोखिमों का उल्लेख करते हुए बताया कि कई बार पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए जान जोखिम में डालनी पड़ती है।
कार्यक्रम में समाजसेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को “रक्तवीर” की उपाधि, शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। नन्हीं बालिकाओं ने समूह नृत्य और स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिन्हें विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने ₹1000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

समारोह में कवि मीर अली मीर और कृष्णा भारती ने अपनी छत्तीसगढ़ी कविताओं से समा बांधा। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश चौधरी, सभापति रामदुलारी सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, वरिष्ठ साहित्यकार स्वराज्य करुण, पत्रकार नीरज गजेंद्र, अशोक शर्मा, राजेश्वर खरे, शशि कुमार डडसेना, तथा कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दीप प्रज्वलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पत्रकारिता की सामाजिक भूमिका पर सारगर्भित विचारों के साथ हुआ।



