महासमुंद। बागबाहरा थाना क्षेत्र के झलप चौक के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात लगभग 12 बजे हुआ, जब बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान दुष्यंत साहू (निवासी ग्राम गड़बेड़ा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुष्यंत अपने रिश्तेदार के घर गया हुआ था और रात में वह अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। झलप चौक के पास पहुंचते ही बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दुष्यंत को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी की गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी। यदि उसने हेलमेट पहना होता, तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी। मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।


