कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किया बागबाहरा और पिथौरा क्षेत्र का निरीक्षण — मतदाता सूची पुनरीक्षण और धान खरीदी की तैयारियों का लिया जायजा
महासमुंद। जिले के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को बागबाहरा एवं पिथौरा विकासखंड क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अंतरराज्यीय चेक पोस्टों का निरीक्षण किया और विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत घर-घर सत्यापन कार्य का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने बागबाहरा मंडी पहुंचकर बीएलओ से मतदाता गणना प्रपत्र और घोषणा प्रपत्र से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बीएलओ अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर गणना प्रपत्र में सभी आवश्यक विवरण पूर्ण रूप से भरकर संकलन सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची पुनरीक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने और सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की सटीकता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, इसलिए सभी लोग इसमें अपनी भूमिका निभाएं।
महासमुंद जिले में इस समय 8 लाख 86 हजार 422 पंजीकृत मतदाता हैं। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता गणना और घोषणा प्रपत्र वितरित कर रहे हैं, साथ ही आवश्यक दस्तावेजों का संकलन भी किया जा रहा है। वर्तमान में जिले में 1,083 बीएलओ नियुक्त किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने धान खरीदी केंद्रों की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने बागबाहरा विकासखंड के टेमरी अंतरराज्यीय नाका एवं सीमावर्ती नाकों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।


