बसना। पुरानी बस्ती स्थित भगत चौक के प्राचीन वट वृक्ष के नीचे इस वर्ष 64वां अखंड राम नाम सप्ताह यज्ञ का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 2 नवंबर से प्रारंभ होकर 10 नवंबर 2025 तक चलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 2 नवंबर को कलश यात्रा, देव प्राण प्रतिष्ठा एवं अयाचक पात्र पूजन से होगी। सात दिनों तक लगातार राम नाम संकीर्तन यज्ञ किया जाएगा। वहीं, 9 नवंबर को अखंड राम नाम सप्ताह यज्ञ का समापन और 10 नवंबर को भंडारा, सहभोज एवं कलश विसर्जन यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
अखंड राम नाम सप्ताह यज्ञ आयोजन समिति, भगत चौक पुरानी बस्ती जांजगीर के विनीत सदस्यों ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य समाज में भक्ति, सद्भावना और आध्यात्मिक जागृति को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्मा, कीर्तन मंडलियां और श्रद्धालु सम्मिलित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन प्रभात फेरी, भजन संध्या, प्रवचन, संकीर्तन और आरती का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, भंडारा और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर जय मां सरस्वती भागवत कीर्तन मंडली जमड़ी बसना केप्रमुख सदस्य सुकुलदास पटेल, लखन पटेल, कमलदास पटेल, करन पटेल, मनोहर पटेल, सेवक राम निषाद, मनबोध पटेल और विद्या पटेल अपनी प्रस्तुति देंगे।

आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित इस पावन यज्ञ में शामिल होकर राम नाम संकीर्तन का पुण्य लाभ प्राप्त करें और समाज में धर्म, एकता और शांति का संदेश फैलाएं।



