बसना। सिंघोड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो बाइक की सीट कवर में गांजा छिपाकर परिवहन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹75,000 बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक ओडिशा से बिना नंबर की बाइक एसपी साईन 125 में गांजा लेकर महासमुंद की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना सिंघोड़ा पुलिस ने नेशनल हाइवे-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान आरोपी निलेश वर्मा (19) पिता संतोष वर्मा, निवासी गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर को पुलिस ने रोक लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने बाइक की सीट कवर के भीतर से 5 किलो गांजा बरामद किया। आरोपी से ₹5,000 नगद, बिना नंबर की बाइक जिसकी कीमत लगभग ₹1 लाख बताई गई है, समेत कुल ₹1.80 लाख का सामान जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20 (बी)(ii)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सिंघोड़ा ने बताया कि गांजा की तस्करी को लेकर जिले की सीमाओं पर लगातार सघन जांच की जा रही है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



