बसना। भाजपा मंडल बसना के तत्वावधान में शनिवार को मंडी प्रांगण में मतदाता विशेष गहन पुनः निरीक्षण (एसआईआर) की विस्तृत जानकारी के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देना और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत बनाना था।
कार्यशाला की शुरुआत वंदे भारत कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सामूहिक गायन के साथ की गई। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में भव्य बाइक रैली निकालकर राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक विरासत और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। बाइक रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने पूरे जोश और उत्साह के साथ “वंदे मातरम” के नारे लगाए।
मुख्य वक्ता जितेंद्र त्रिपाठी ने मतदाता विशेष गहन पुनः निरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर मतदाता सूची के अद्यतन में सक्रिय भूमिका निभानी होगी, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, एनके अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, नरेंद्र यादव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में मतदाता जागरूकता की अहम भूमिका है, और भाजपा संगठन इस दिशा में सतत प्रयासरत है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के जयघोष और संगठन एकता के संदेश के साथ हुआ।




