रायपुर। राजधानी रायपुर के सुंदर नगर इलाके में एक रिटायर्ड बैंक मैनेजर के घर से सोने की अंगूठी और नगदी रकम चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक महिला नीले रंग का सलवार सूट पहनकर और चेहरा ढककर घर में प्रवेश करती हुई दिखाई दे रही है।
मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित ब्यास नारायण शुक्ला, निवासी अमरपुरी रोड सुंदर नगर, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल ऑफिस रायपुर से सन् 1998 में असिस्टेंट रीजनल मैनेजर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वे इस समय अपने घर में अकेले रहते हैं।
कैसे हुई चोरी
4 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे वे अपने घर में ताला लगाकर तिवारी किराया भंडार, अश्विनी नगर स्थित अपने मित्रों से मिलने गए थे। रात 9:20 बजे जब वे लौटे, तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर खुला हुआ था।
उन्होंने जब सीसीटीवी फुटेज देखी, तो उसमें एक महिला संदिग्ध हालत में घर के अंदर जाती और कुछ देर बाद बाहर निकलती नजर आई। आरोपी महिला ने लॉकर से एक सोने की अंगूठी और नगदी रकम चोरी कर ली थी।
पहले भी हो चुकी चोरी
पीड़ित ब्यास नारायण शुक्ला ने बताया कि इससे पहले भी अलमारी के लॉकर से एक जोड़ी सोने की टॉप्स और पांच चांदी की बिछिया गायब हो चुकी हैं, लेकिन उस समय उन्हें संदेह के आधार पर कोई कार्रवाई नहीं की थी।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने अब सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर अज्ञात महिला चोर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज के आधार पर आसपास के इलाकों में संदिग्ध महिला की तलाश जारी है।
थाना: डीडी नगर, रायपुर
📆 घटना की तिथि: 4 नवंबर 2025
💰 चोरी गया सामान: सोने की अंगूठी, नकदी रकम
👩💼 आरोपी: अज्ञात महिला (नीले सलवार सूट में, चेहरा ढका हुआ)


