रायपुर | छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती महोत्सव में आयोजित प्रदर्शनी में कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग और जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा तैयार की गई बागवानी प्रदर्शनी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दूसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ। यह पुरस्कार विभाग के नवाचार, सृजनशीलता और किसानों से जुड़ी प्रेरक कहानियों की प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए दिया गया।
प्रदर्शनी में उद्यानिकी और प्रक्षेत्र वानिकी क्षेत्रों की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। यहां गेंदा, जरबेरा, ग्लेडिओलस, सेवंती और डच रोज जैसे रंग-बिरंगे फूलों की प्रजातियों के साथ उनकी खेती की संपूर्ण जानकारी भी दर्शाई गई। इसके साथ ही प्रगतिशील किसानों की सफलता की कहानियों को वीडियो और पोस्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसने आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
राज्योत्सव के दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा तैयार की गई इस प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे आयोजन राज्य के किसानों को प्रेरित करते हैं और बागवानी के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं।”
प्रदर्शनी में आने वाले आगंतुकों को उच्च गुणवत्ता वाले पौधे न्यूनतम दरों पर उपलब्ध कराए गए। वहीं, उद्यानिकी उत्पादों से बने आचार, चटनी, स्क्वैश, जैम जैसे प्रसंस्कृत उत्पादों की बिक्री भी की गई। लोगों ने इन उत्पादों की खूब सराहना की।
राज्योत्सव में कृषि विभाग की इस उपलब्धि को राज्य के किसानों की मेहनत, नवाचार और हरित प्रगति की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।



