महासमुंद।अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुधवार को महासमुंद जिले के शंकराचार्य भवन में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिलेभर से बड़ी संख्या में वरिष्ठ महिला और पुरुष इस अवसर पर शामिल हुए।
सहायक उपकरण और स्वास्थ्य सेवाएँ
कार्यक्रम में वरिष्ठजनों को न केवल माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया, बल्कि उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने के लिए सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
300 वरिष्ठजनों को छड़ी
100 वरिष्ठजनों को श्रवण यंत्र
इसके अलावा व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, साड़ी व धोती भी प्रदान किए गए।
साथ ही, निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच और चश्मा वितरण भी किया गया।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठजन समाज की धरोहर : सांसद रूपकुमारी चौधरी
मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा – “वरिष्ठजन हमारे समाज की सच्ची धरोहर हैं। आज हम जिस मुकाम पर हैं, वह उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद का परिणाम है। वे स्वयं समाज के जीवित विश्वविद्यालय हैं।”
उन्होंने नवरात्र के पावन अवसर पर सभी वरिष्ठजनों के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही बच्चों से अपील की कि वे अपने दादा-दादी और नाना-नानी के साथ अधिक समय बिताएं, क्योंकि उनका संस्कार ही जीवन की सबसे बड़ी पाठशाला है।
हर पुत्र बने श्रवण कुमार : विधायक संपत अग्रवाल
इस अवसर पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि हर पुत्र को श्रवण कुमार की तरह अपने माता-पिता की सेवा करनी चाहिए ताकि किसी भी वृद्धजन को वृद्धाश्रम न जाना पड़े। उन्होंने राज्य सरकार की तीर्थयात्रा योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि “वरिष्ठ नागरिकों को धर्मस्थलों की यात्रा कराने की व्यवस्था की गई है। सरकार उनके स्वास्थ्य और न्याय के लिए लगातार कार्य कर रही है।”





